श्रीबेगसरबालाजी मन्दिर में पौषबड़ा महोत्सव-1

श्रद्धालुओं ने दी आहूतियां
श्रीबेगसरबालाजी मन्दिर में मंगलवार को मन्दिर का वार्षिकोत्सव एवं पौषबड़ा महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित हवन में श्रद्धालुओं ने आहूतियां देकर लोककल्याण की कामना की। वहीं बालाजी की विशेष झांकी का दर्शनलाभ लिया।

पौषबड़ा महोत्सव के तहत सुबह वैदिक मंत्रौच्चारण के साथ पंचामृत से बालाजी का अभिषेक किया गया। तत्पश्चात् शृंगार कर विशेष झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने झांकी के दर्शन लाभ लिया। इसके बाद मन्दिर परिसर में गायत्री परिवार के तत्वावधान में गायत्री महायज्ञ प्रारम्भ हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने लोक कल्याण, विश्व शांति एवं सुख-समृद्धि की मंगल कामना के साथ आहूतियां दी। हवन से समूचा परिसर धर्ममय हो गया। आरती एवं पूर्णाहूति के साथ सवामणी का भोग लगाया गया।मन्दिर में शाम को महाआरती के साथ पौषबड़ा महोत्सव आयोजित किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दाल का हलुआ एवं बड़े का भोग लगाकर प्रसाद के रूप में वितरित किए गए। महोत्सव के तहत भजन संध्या का भी आयोजन किया गया।

Comments